Homeदेशधर्मबिहार

बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को नमन कर डीएम-एसएसपी ने महादलित टोले में मनाई दीपावली

बच्चों के बीच बांटी मिठाइयां, मोमबत्तियां और पटाखे, लोगों के साथ दीप जलाकर दिया सामाजिक समरसता का संदेश

छपरा। दीपावली के अवसर पर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने महादलित टोले में पहुंचकर स्थानीय परिवारों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और सामाजिक समानता एवं भाईचारे का संदेश दिया।डीएम और एसएसपी ने बस्ती के बच्चों के बीच मिठाइयां, मोमबत्तियां, फुलझड़ियां और पटाखे वितरित किए।

इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ दीप जलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों और परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर अधिकारियों ने लोगों से आत्मीय संवाद भी किया।

बाबा साहेब के विचारों और सामाजिक समानता के मूल्यों को याद करते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।प्रशासन की इस पहल से महादलित बस्ती के लोगों में खुशी का माहौल रहा। त्योहार के अवसर पर वंचित वर्ग के परिवारों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटने की इस पहल को प्रशासन की संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर देखा जा रहा है।