दीपावली की रात बाइक रिपेयरिंग दुकान में लगी भीषण आग, चार बाइक समेत लाखों की संपत्ति राख
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
छपरा। सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के शंकरडीह गांव में दीपावली की रात एक बाइक रिपेयरिंग दुकान में भीषण आग लग गई। अगलगी में दुकान में रखी चार से पांच बाइक समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गए। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक भरत प्रसाद दीपावली पर पूजा-अर्चना करने के बाद दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात दुकान में अचानक आग लग गई।
आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दुकानदार, परसा थाना और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग ने संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

