चिरांद की तपोभूमि को प्राचीन काल में कहा जाता था स्थाणु क्षेत्र, अनंग क्षेत्र के नाम से भी मिली पहचान
महर्षि विश्वामित्र ने श्रीराम-लक्ष्मण को सुनाई थी इस तीर्थ की महिमा, शिव के क्रोध से देहहीन हुए थे कामदेव
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 24 नवंबर। गंगा, सरयू और सोन नदियों के पावन संगम पर स्थित चिरांद का धार्मिक और आध्यात्मिक इतिहास काफी प्राचीन रहा है। पुरातात्विक महत्व के साथ यह क्षेत्र पौराणिक मान्यताओं में भी विशेष स्थान रखता है। प्राचीन काल में चिरांद को स्थाणु क्षेत्र के नाम से जाना जाता था। मान्यता है कि भगवान शिव ने यहां हजारों वर्षों तक कठोर तपस्या की थी। वहीं, कामदेव के देहहीन होने की पौराणिक घटना के कारण इस क्षेत्र को अनंग क्षेत्र के नाम से भी पहचान मिली।
चिरांद धाम में आयोजित श्रीराम वैदिक महायज्ञ के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अयोध्या स्थित लक्ष्मण किला के अधीश्वर महंत स्वामी मैथिली रमण शरण जी महाराज ने चिरांद की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति का आधार ब्रह्मविद्या है, जिससे अन्य सभी विद्याओं का उद्भव हुआ है। भगवान शिव की तपस्या और साधना के कारण यह भूमि प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रही है।
महंत स्वामी ने कामदेव से जुड़े पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान शिव की तपस्या भंग करने के लिए कामदेव ने उन पर कामबाण चलाया था। इससे क्रोधित होकर भगवान शिव ने अपनी क्रोधाग्नि से कामदेव को देहहीन कर दिया। इसी घटना के कारण इस क्षेत्र को अनंग क्षेत्र के नाम से भी जाना जाने लगा।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि रचित रामायण के बालकांड में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण इस क्षेत्र में आए थे। त्रिवेणी संगम की पावन भूमि पर रात्रि विश्राम के दौरान महर्षि विश्वामित्र ने दोनों भाइयों को बला और अतिबला जैसी दिव्य विद्याओं की शिक्षा दी थी। इन विद्याओं से उन्हें विशेष सामर्थ्य प्राप्त हुआ था।1
महंत स्वामी ने चिरांद को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष प्रदान करने वाला परम तीर्थ बताते हुए कहा कि भारत के सुविख्यात संत श्रीश्री 1008 मौनी बाबा द्वारा कार्तिक मास में किया गया कल्पवास और यज्ञ अनुष्ठान इस क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना को पुनर्जीवित करने का प्रयास है। कल्पवास की पूर्णता के बाद आयोजित श्रीराम वैदिक महायज्ञ इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल आधार यज्ञ परंपरा है। यज्ञ में देवपूजन, दान और सामाजिक एकत्रीकरण की भावना समाहित है। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दी जाने वाली आहुतियां आध्यात्मिक चेतना का संचार करती हैं। वहीं, संतों का समागम ज्ञान और सद्विचारों के प्रसार का माध्यम बनता है। चिरांद की इस पावन भूमि पर आयोजित महायज्ञ से वैदिक परंपरा, भारतीय संस्कृति और धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा मिलेगी।

