स्वतंत्रता सेनानी पं. गिरीश तिवारी के नाम पर हो बरेजा उच्च विद्यालय, शिक्षा मंत्री को सौंपा आवेदन
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 22 नवंबर।
मांझी के सरयू नदी तट स्थित राम अटल घाट के उद्घाटन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आवेदन सौंपने के बाद अब बरेजा उच्च विद्यालय के नामकरण का मामला शिक्षा मंत्री तक पहुंचा है। एकमा के चैनवा में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर पंडित गिरीश तिवारी के प्रपौत्र सह अधिवक्ता प्रवीण चंद्र तिवारी ने उन्हें संबंधित आवेदन सौंपा और स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित गिरीश तिवारी के नाम पर बरेजा उच्च सह उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय का नामकरण करने की मांग की है। प्रवीण चंद्र तिवारी ने शिक्षा मंत्री से जिला शिक्षा पदाधिकारी का आदेश को निरस्त कर विद्यालय का नाम स्वतंत्रता सेनानी पं. गिरीश तिवारी के नाम पर करने तथा उनकी जयंती छह मार्च को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मांग की है।
नमक सत्याग्रह से लेकर बिहार सरकार में मंत्री पद तक रहा योगदान, स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक कार्यों में भी निभाई अहम भूमिका:
छपरा व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता प्रवीण चंद्र तिवारी ने बताया कि पंडित गिरीश तिवारी ने वर्ष- 1930 में बरेजा गांव में पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, मजहरुल हक और बिनोवा भावे जैसे राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की उपस्थिति में नोनी मिट्टी से नमक बनाकर अंग्रेजों के नमक कानून का विरोध किया था। वर्ष- 1934 के बिहार भूकंप के बाद राहत कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। महात्मा गांधी ने उन्हें राहत समिति का सचिव बनाया था। वर्ष- 1946 में विधायक तथा 1952 से 1967 तक मांझी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित सदस्य रहे। बिहार सरकार में कई विभागों के मंत्री रहने के बाद उन्होंने राजनीति से संन्यास ले लिया था।
गिरीश तिवारी का शैक्षणिक योगदान, भूमि दाता के नाम पर नामकरण के आदेश को निरस्त करने की मांग:
आवेदन में बताया गया है कि पंडित गिरीश तिवारी के प्रयास से बरेजा में मध्य विद्यालय के बाद उच्च विद्यालय की स्थापना हुई। वर्ष- 1947 में इसे सरकारी मान्यता मिली। महापंडित राहुल सांकृत्यायन की पुस्तक ‘मेरे असहयोग के साथी’ में भी उनके इस प्रयास का उल्लेख होने की बात कही गई है। अधिवक्ता पीसी तिवारी ने सारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी के 21 अप्रैल 2025 के उस आदेश पर पुनर्विचार की मांग की है, जिसमें विद्यालय का नाम भूमि दाता भूपेंद्र- सुरेंद्र तिवारी के नाम पर स्वीकृत किए जाने का उल्लेख है। आवेदन में भूमि की उपलब्धता और विद्यालय के लिए निर्धारित मानकों को लेकर भी सवाल उठाया गया हैं। इस संबंध में 22 अगस्त और 9 अक्टूबर 2025 को पुनर्विचार के लिए आवेदन देने के बावजूद जवाब नहीं मिलने की बात कही गई है।

