Homeदेशबिहारस्वास्थ्य

राज्य अस्पताल रैंकिंग में पूर्णिया लगातार दूसरे महीने पहले स्थान पर

अगस्त में दूसरे स्थान पर था जिला, सितंबर और अक्टूबर में हासिल किया शीर्ष स्थान; 14 प्रखंडों में 364 स्वास्थ्य केंद्रों के जरिए लोगों को मिल रही जांच और उपचार की सुविधा

पूर्णिया, 24 नवंबर। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के मामले में पूर्णिया जिले ने एक बार फिर राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अक्टूबर माह की अस्पताल रैंकिंग में पूर्णिया शीर्ष पर कायम है। खास बात यह है कि सितंबर महीने में भी जिला पहले स्थान पर था। लगातार दूसरे महीने शीर्ष स्थान बरकरार रहने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूती मिली है।

जिले में शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को सामान्य जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों का चक्कर लगाने से बचाना है।

अगस्त में दूसरे स्थान से अक्टूबर में भी शीर्ष पर रहा पूर्णिया

जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) डॉ. सुधांशु शेखर ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रैंकिंग में पूर्णिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। अगस्त महीने में जिला दूसरे स्थान पर था। इसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम सितंबर और अक्टूबर की रैंकिंग में देखने को मिला। दोनों महीनों में पूर्णिया ने राज्य में पहला स्थान हासिल किया।

अक्टूबर की रैंकिंग में पूर्णिया के बाद गोपालगंज दूसरे, सीतामढ़ी तीसरे, शेखपुरा चौथे और वैशाली पांचवें स्थान पर रहे। उन्होंने कहा कि जिले को शीर्ष स्थान पर बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने का प्रयास जारी है।

14 प्रखंडों में 364 स्वास्थ्य केंद्रों से मिल रही सुविधा

सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने बताया कि जिले के सभी 14 प्रखंडों में कुल 364 स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में कार्यरत हैं। यहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों की आवश्यक जांच और प्राथमिक उपचार किया जाता है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस के माध्यम से प्रखंड या जिला अस्पताल रेफर किया जाता है।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आठ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 30 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 20 शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य उपकेंद्र) संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी आबादी को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि लोगों को समय पर जांच, उपचार और जरूरी दवाइयां उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही मिलें। इससे सरकारी अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव कम होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी मजबूत होगी।