Homeक्राईमदेशबिहार

सारण में 40 लाख रुपये के सोयाबीन रिफाइंड तेल की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

कोपा पुलिस ने जलालपुर के गोदाम में छापेमारी कर 1240 टीन तेल किया बरामद, खाली ट्रक भी जब्त

छपरा। सारण पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोयाबीन रिफाइंड तेल की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का तेल खरीदकर गोदाम में रखने के आरोप में गोदाम मालिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पास से 1240 टीन सोयाबीन रिफाइंड तेल बरामद किया गया है। वहीं, घटना में प्रयुक्त खाली ट्रक को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को एक ट्रक पर रक्सौल से करीब 40 लाख रुपये का सोयाबीन रिफाइंड तेल लोड कर मेरठ भेजा जा रहा था। इसी दौरान ट्रक मालिक की कथित संलिप्तता से रास्ते में ही तेल बेच दिया गया और खाली ट्रक को कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया गया। ट्रांसपोर्टर को इसकी जानकारी जीपीएस लोकेशन के माध्यम से मिली। इसके बाद चार नवंबर को कोपा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बसडीला पेट्रोल पंप के पास से खाली ट्रक जब्त किया। वहीं, जीपीएस डाटा और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जलालपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर बाजार स्थित एक गोदाम में छापेमारी की गई।

वहां से चोरी का 1240 टीन सोयाबीन रिफाइंड तेल बरामद हुआ।पुलिस ने गोदाम मालिक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्हें तेल के चोरी का होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उसे खरीदकर गोदाम में रखा था।गिरफ्तार आरोपितों में उमेश कुमार, राकेश कुमार और देवेंद्र कुमार शामिल हैं।

तीनों जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबबलियां गांव के निवासी हैं तथा इनके पिता का नाम गुलाबचन्द्र प्रसाद है।पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।