Homeखेलदेशबिहार

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पीयूष ने जीता स्वर्ण पदक, सीवान का बढ़ाया गौरव

गुठनी के बकुलारी गांव के खिलाड़ी की सफलता पर क्षेत्र में खुशी, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष ने किया सम्मानित

गुठनी (सीवान), 6 नवंबर। गुठनी प्रखंड के बकुलारी गांव निवासी पीयूष कुमार ने राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पीयूष की सफलता पर खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी है।पीयूष कुमार, शैलेश कुमार और कनक लता सुमन के पुत्र हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संयोग अम्बेडकर ने उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इस मौके पर संयोग अम्बेडकर ने कहा कि पीयूष की सफलता साबित करती है कि प्रतिभा किसी जाति या वर्ग की मोहताज नहीं होती। उचित अवसर और संसाधन मिलने पर वंचित समाज के युवा भी खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आरक्षण ऐतिहासिक असमानता को दूर कर सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने का संवैधानिक माध्यम है। युवाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ आपसी समता, ममता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की।पीयूष की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।