Homeदेशबिहारलापरवाहीविविध

दीपावली से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, सात दुकानों से लिए गए नमूने

घी, मिल्क केक, गुलाब जामुन और काजू कतली समेत कई खाद्य पदार्थों की होगी जांच, सैंपल पटना प्रयोगशाला भेजे गए

छपरा। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिठाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को छपरा शहर की सात मिठाई एवं खाद्य सामग्री की दुकानों में छापेमारी कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।खाद्य संरक्षा अधिकारी सह अभिहित अधिकारी नारायण राम के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान साहेबगंज स्थित आदर्श जनरल स्टोर से घी का नमूना लिया गया। नगरपालिका चौक स्थित कृष्णा स्वीट्स से बेसन के लड्डू और सोनपापड़ी, जबकि छप्पन भोग से मिल्क केक और बूंदी के लड्डू के सैंपल संग्रहित किए गए।वहीं, डाक बंगला रोड स्थित न्यू रसरंजन श्रीरसागर से गुलाब जामुन और काजू कतली के नमूने लिए गए। इसी रोड पर स्थित हरिलाल स्वीट्स से सोनपापड़ी, बेसन गजक और बेसन के लड्डू की जांच के लिए सैंपल लिया गया। इसके अलावा साहेबगंज की सुरुचि स्वीट्स से बेसन के लड्डू तथा देशबंधु स्वीट्स से गुलाब जामुन और सुधा रसगुल्ला के नमूने संग्रहित किए गए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

विभाग की ओर से संग्रहित सभी नमूनों को संयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, अगमकुआं (पटना) भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी नमूने में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अभियान का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।