सोनपुर मेले की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, पार्किंग से सुरक्षा तक दिए निर्देश
कार्तिक पूर्णिमा पर पहलेजा घाट और कालीघाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, कोर्ट संचालन के लिए उपयुक्त स्थल की तलाश तेज
छपरा, 07 नवंबर 2026। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। शनिवार को जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, यातायात और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मेला क्षेत्र में उपलब्ध खाली भूखंडों और अनुपयोगी स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध जमीन का बेहतर उपयोग करते हुए पर्याप्त वाहन पार्किंग विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। पार्किंग स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी सुगम और व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पहलेजा घाट और कालीघाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने दोनों घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय और बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा। वहीं, एसएसपी ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया।
कोर्ट संचालन के लिए चिह्नित होगा उपयुक्त स्थल
संयुक्त निरीक्षण के दौरान कोर्ट के संचालन के लिए उपयुक्त स्थल की उपलब्धता को लेकर भी विभिन्न स्थानों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ उपयुक्त स्थान चिह्नित कर आगे की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर
मेला क्षेत्र में शौचालयों और पेयजल के लिए प्रस्तावित स्टैंड पोस्ट की संख्या तथा उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए डीएम ने सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित समयसीमा में विकसित करने को कहा। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और उसके निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अतिक्रमण हटाने और प्रमुख मार्गों एवं स्थलों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग लगाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के संभावित सोनपुर आगमन को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और घाटों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने कहा कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला बिहार की महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षित वातावरण और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

