मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सारण में हलचल तेज, रामघाट से स्कूल तक विकास कार्यों को संवारने में जुटा प्रशासन
डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने किया स्थलों का निरीक्षण, ‘मां सरयू कैफे’ से लेकर स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स और एस्ट्रोनॉमी लैब तक की तैयारियों की समीक्षा
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 6 नवंबर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित सारण दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए विकास कार्यों, शैक्षणिक सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने रामघाट से लेकर दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज तक विभिन्न स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और आगंतुकों की सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, एसएसपी ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया।रामघाट को मिलेगा आकर्षक स्वरूप, बनेगा ‘मां सरयू कैफे’रामघाट परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। डीएम ने प्रस्तावित हैंगर, ग्रीन रूम, मंच, डी-एरिया और बैरिकेडिंग की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों और आम नागरिकों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। घाट की सीढ़ियों और सरयू नदी के जल से निर्धारित हिस्सों की सफाई कराने को भी कहा।जीविका की ओर से प्रस्तावित कैफेटेरिया को ‘मां सरयू कैफे, मांझी, सारण’ के नाम से विकसित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा अटल वाटिका में आकर्षक वॉर्म लाइटिंग, डेकोरेटिव प्लांट्स, फूलों के पौधे, वर्टिकल गार्डन और वृक्षारोपण कराया जाएगा। पार्क में बच्चों के लिए झूले और अन्य सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है।स्कूल में दिखेगा मिशन कायाकल्प का बदलावरामघाट के बाद अधिकारियों ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां मिशन कायाकल्प के तहत हुए विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए पहले और बाद की तस्वीरों का पिक्टोरियल डिस्प्ले तैयार करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, बायोलॉजी लैब और लाइब्रेरी का भी जायजा लिया।आंगनबाड़ी में खेल-खेल में पढ़ाई का होगा प्रदर्शनआंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा देने और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाएगा।
डीएम ने डीपीओ, आईसीडीएस को बच्चों की गतिविधियों और लर्निंग असेसमेंट को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।टेलीस्कोप, ड्रोन और रोबोटिक्स से दिखेगी बच्चों की प्रतिभाविद्यालय की एस्ट्रोनॉमी लैब में बच्चे टेलीस्कोप के माध्यम से खगोलीय पिंडों के अवलोकन का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही ड्रोन उड़ाने और रोबोटिक्स से जुड़ी तकनीकी गतिविधियों को भी प्रस्तुत किया जाएगा। डीएम ने कहा कि इन प्रदर्शनों में बच्चों की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए, ताकि उनकी रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी दक्षता सामने आ सके।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने दिए निर्देशवरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति, प्रवेश-निकास मार्गों की निगरानी और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए सौंदर्यीकरण, निर्माण, स्वच्छता, शैक्षणिक गतिविधियों के प्रदर्शन और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के साथ लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है।

