धमई नदी छठ घाट पर गंदगी का अंबार, काला पड़ गया पानी, निकल रही बदबू
छठ महापर्व से पहले घाट की बदहाली से श्रद्धालु चिंतित, जलकुंभी हटाने और रास्ते की सफाई कराने की उठी मांग
भगवानपुर हाट (सीवान)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन भगवानपुर हाट स्थित धमई नदी छठ घाट की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा रही है। घाट परिसर में जगह-जगह गंदगी और प्लास्टिक कचरा फैला हुआ है। वहीं नदी का पानी जलकुंभी से पटा है। पानी काला पड़ने के साथ उससे बदबू भी निकल रही है। घाट तक पहुंचने वाला रास्ता भी जर्जर हालत में है।

धमई नदी छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष रामपुर, भगवानपुर हाट सहित आसपास के कई गांवों के बड़ी संख्या में व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में छठ महापर्व से पहले घाट की मौजूदा स्थिति श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय शिक्षक देवंत कुमार ने बताया कि घाट परिसर और रास्ते पर गंदगी के कारण व्रतियों को आवागमन में दिक्कत हो सकती है। नदी में जलकुंभी के साथ काला और बदबूदार पानी भी चिंता का विषय है।
अपना किसान पार्टी के महासचिव नागमणि ने कहा कि छठ जैसे महत्वपूर्ण लोक आस्था के पर्व को देखते हुए प्रशासन को समय रहते घाट की सफाई शुरू करा देनी चाहिए। अंतिम समय में आनन-फानन में सफाई कराने के बजाय अभी से विशेष अभियान चलाने की जरूरत है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से छठ महापर्व से पहले घाट परिसर की सफाई कराने, नदी से जलकुंभी हटाने, पानी की गंदगी दूर करने और घाट तक पहुंचने वाले रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि हर साल बड़ी संख्या में व्रती इस घाट पर पूजा करने पहुंचते हैं, इसलिए पर्व से पहले स्वच्छता और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

