Homeदेशबिहार

जमीन जोतने के विरोध पर बुजुर्ग महिला से धक्का-मुक्की, पांच पर FIR

भगवानपुर हाट। मुंदीपुर गांव में जमीन की कथित जबरन जुताई का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। पीड़िता ज्ञानती देवी के आवेदन पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।महिला ने आरोप लगाया है कि 20 अक्टूबर की दोपहर उनकी जमीन की जबरन जुताई कराई जा रही थी। ट्रैक्टर की आवाज सुनकर वह खेत पहुंचीं और जुताई कर लौट रहे लोगों से इसका विरोध किया।

आरोप है कि इस दौरान शशिकांत पांडेय ने उनके साथ गाली-गलौज की, जबकि प्रवीण कुमार ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया।शोर सुनकर महिला की पतोहू ने खेत में काम कर रहे उनके पोते को सूचना दी। पोता मौके पर पहुंचा और बुजुर्ग महिला को उठाकर घर ले गया।

आवेदन में महिला ने बताया है कि वह हृदय रोग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं तथा नियमित दवा लेती हैं।मामले में शशिकांत पांडेय, विधाभूषण पांडेय, प्रवीण कुमार, सहसरांव ग्राम कचहरी के सरपंच मुकेश कुमार सिंह और दिलसादपुर निवासी हरेराम सिंह को आरोपित किया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।