Homeक्राईमदेशबिहार

छपरा, 24 अक्टूबर। सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दुबौलिया से चौरा जाने वाले रास्ते पर गम्हरिया-काला गम्हरिया की ओर सामुदायिक भवन के पास बगीचे के समीप एक गड्ढे में शव मिला।

शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, शव पर कपड़े नहीं थे और उसका सिर गायब था। इससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर और बनियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

शव का सिर बरामद करने के लिए भी पुलिस आसपास के इलाके में जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।13 सितंबर की घटना के बाद फिर मिला सिर कटा शवग्रामीणों ने बताया कि बीते 13 सितंबर को भी इसी क्षेत्र में गला काटकर शव फेंके जाने की घटना सामने आई थी। अब एक बार फिर सिर कटा शव मिलने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुनसान रास्तों और बगीचों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है।

घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया तारकेश्वर सिंह ने क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल पुलिस चौकी बनाना संभव नहीं है तो संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही पर्याप्त रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और मृतक की पहचान जल्द करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान, शव का सिर बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।