छठ घाटों की व्यवस्था पर डीएम-एसएसपी की नजर, सदर प्रखंड के दर्जनों घाटों का किया निरीक्षण
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 13 नवंबर। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ सदर प्रखंड के दर्जनों छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने तिवारी घाट, बंगाली बाबा घाट, मेला घाट और डोरीगंज घाट सहित कई प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, रोशनी, पेयजल, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति देखी। संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान सदर एसडीओ नितेश कुमार, सदर सीओ कुमारी शुषी और बीडीओ दृष्टि पाठक को डीएम ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें। जिन घाटों पर पानी अधिक गहरा है या दुर्घटना की आशंका है, वहां पहले से खतरे वाले स्थान चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराई जाए। पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।वहीं, एसएसपी ने भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

