मिशन कायाकल्प से बदल रही आंगनबाड़ी केंद्रों की सूरत, दीवारों पर चित्रों से सीख रहे बच्चे
मधुबनी, 13 नवंबर। मिशन कायाकल्प के तहत मधुबनी जिले में सरकारी भवनों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। अब इन केंद्रों को आकर्षक और शिक्षाप्रद बनाया जा रहा है, ताकि बच्चे खेल-खेल में शिक्षा के साथ स्वच्छता और अच्छे संस्कार भी सीख सकें।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर आंगनबाड़ी केंद्रों में रंग-रोगन, साफ-सफाई और दीवारों पर ज्ञानवर्धक चित्रकारी कराई जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता को बढ़ावा देना है।इसकी एक बेहतर मिसाल लखनौर प्रखंड की ग्राम पंचायत राजदीप पश्चिमी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-70 है।
यहां दीवारों पर अंग्रेजी वर्णमाला के अक्षरों के साथ संबंधित वस्तुओं और जानवरों के रंगीन चित्र बनाए गए हैं। इन्हें देखकर बच्चे अक्षरों और शब्दों की पहचान कर रहे हैं। इससे उनकी सीखने की रुचि और रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा मिल रहा है।केंद्र की दीवारों पर स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेश भी प्रदर्शित किए गए हैं। बच्चों को भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने, कचरा डस्टबिन में डालने और नियमित रूप से दांत साफ करने की सीख दी जा रही है।
साथ ही फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक भोजन के महत्व को भी चित्रों के माध्यम से समझाया जा रहा है।आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जांच, पोषण, टीकाकरण और स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियां भी संचालित होती हैं। गर्भवती और धात्री महिलाओं को संतुलित आहार, मातृ स्वास्थ्य और बच्चों की उचित देखभाल के संबंध में परामर्श दिया जाता है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मिशन कायाकल्प के तहत केवल भवनों का सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर बनाई जाए।
स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षित वातावरण और बच्चों के अनुकूल शिक्षण गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।प्रशासन का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता का प्रभावी केंद्र बनाना है।

