Homeदेशधर्मबिहार

छठ पूजा को लेकर पूर्वी चंपारण में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 1029 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात

22 घाटों पर अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष, प्रमुख घाटों पर सादे लिबास में पुलिस रखेगी नजर; निजी नावों के परिचालन और पटाखों पर प्रतिबंध

मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले के 1029 संवेदनशील स्थलों एवं छठ घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। प्रमुख छठ घाटों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे। वहीं, चिन्हित घाटों पर एसडीआरएफ की टीम और आपदा मित्रों की भी तैनाती की जाएगी।जारी आदेश के अनुसार छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने और सभी थानों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की गश्ती लगातार जारी रहेगी।जिले के छह अनुमंडलों में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें मोतिहारी में 296, पकड़ीदयाल में 114, अरेराज में 235, चकिया में 117, सिकरहना में 218 और रक्सौल में 49 स्थान शामिल हैं। शहरी क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ और घाटों की निगरानी के लिए सेक्टर का गठन कर सेक्टर पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई है। छठ घाटों एवं पूजा स्थलों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, निजी नावों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।

22 स्थानों पर बनेंगे अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिले में 24 घंटे जिला नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा। इसके लिए तीन पालियों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06252-242418 जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त मोतिहारी अनुमंडल में 10, सिकरहना में तीन, चकिया में दो, पकड़ीदयाल में दो, अरेराज में दो और रक्सौल में तीन स्थानों पर अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं।

मेडिकल टीम और बचाव दल रहेंगे तैनात

सिविल सर्जन को प्रमुख छठ घाटों पर एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं और मेडिकल टीम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। अग्निशमन विभाग को जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन वाहन तैनात रखने को कहा गया है। नदी और खतरनाक तालाबों वाले घाटों पर नाव, नाविक, गोताखोर, महाजाल, रस्सा और लाइफ जैकेट की व्यवस्था करने का निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया गया है।

विद्युत विभाग को घाटों पर पूजा समितियों की ओर से की गई बिजली व्यवस्था की जांच कर सुरक्षा संबंधी खामियों को दूर करने को कहा गया है।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिलेवासियों से छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, श्रद्धापूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।