सोनपुर मेले में मिठाई से पकौड़े तक की हो रही जांच, खाद्य सुरक्षा विभाग ने तेज की निगरानी
खुले में खाद्य सामग्री बेचने पर दुकानदारों को चेतावनी, 23 दिसंबर तक चलेगा जांच अभियान; मिलावट की शिकायत के लिए जारी हुआ मोबाइल नंबर
छपरा। विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। मेला क्षेत्र में मिठाई, नाश्ता और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर औचक जांच की जा रही है। इस दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी एवं सारण प्रमंडल के प्रभारी नारायण राम के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा है। टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खुले में बिकने वाली जलेबी, पकौड़े और अन्य खाद्य सामग्री को ढककर रखने की हिदायत दी। साथ ही ग्राहकों को ताजा खाद्य पदार्थ परोसने और जलेबी में निर्धारित मात्रा में ही फूड कलर का इस्तेमाल करने को कहा गया।
फूड कोर्ट में लगाए गए 15 से 20 स्टॉल
मेले में बेहतर खानपान की सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से फूड कोर्ट भी विकसित किया गया है। यहां हरिलाल खोट्स, कृष्णा एंड कृष्णा स्वीट्स, पिज्जा हट, तुलसी स्वीट्स, एटम बम मिठाई विक्रेता और वैशाखी साह के प्रसिद्ध रसगुल्ले सहित करीब 15 से 20 स्टॉल लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
मिलावट की शिकायत के लिए जारी हुआ नंबर
खाद्य पदार्थों में मिलावट से बचाव के लिए विभाग की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पोस्टर, बैनर और स्टैंडी के माध्यम से लोगों को मिलावटी खाद्य सामग्री के नुकसान बताए जा रहे हैं। विभाग ने आम लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय स्वच्छता और गुणवत्ता पर ध्यान देने की अपील की है।
किसी दुकान पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री या गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की शिकायत मोबाइल नंबर 9835494598 पर की जा सकती है। विभाग ने शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
23 दिसंबर तक चलेगा अभियान
खाद्य संरक्षा विभाग के अनुसार सोनपुर मेला क्षेत्र में जांच और निगरानी अभियान 23 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। जांच दल में खाद्य संरक्षा पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अभिहित अधिकारी नारायण राम, विष्णु भगवान सिंह सहित अन्य कर्मी शामिल हैं। प्रशासन का लक्ष्य मेले में आने वाले लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

