आत्मसशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण का संदेश लेकर पहुंचा ब्रह्माकुमारीज का अभियान
सिक्योरिटी सर्विस विंग के 25 वर्ष पूरे होने पर आईटीबीपी और छपरा मंडल कारा में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 21 नवंबर!
आत्मसशक्तीकरण के माध्यम से राष्ट्र सशक्तीकरण का संदेश जन- जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोगा एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत सिक्योरिटी सर्विस विंग की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विंग के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान के तहत स्थानीय छपरा शहर स्थित मंडल कारा और जलालपुर स्थित भारत- तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। छपरा में इस अभियान का नेतृत्व छपरा सेवा केंद्र की संचालिका बीके अनामिका दीदी ने किया। विगत 17 नवंबर से अभी तक कुल 31 स्कूल और महाविद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
दिल्ली से आये बीके कैप्टन शिव सिंह भाई ने बताया कि सुरक्षा बलों के जवानों के साथ- साथ कारा में बंद लोगों को भी आंतरिक शक्ति, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए ‘सेल्फ एम्पावरमेंट टू नेशन एम्पावरमेंट’ (आत्मसशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण) थीम पर आधारित कार्यक्रमों में तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक चिंतन, आत्मानुशासन, मानसिक शांति और आध्यात्मिक सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। मंडल कारा में आयोजित कार्यक्रम में, बीके संजीव भाई और बीके प्रियांशु बहन ने सहभागिता की। वहीं, माउंट आबू से पहुंचे बीके दीपक भाई, बीके शैलेन्द्र भाई और बीके अनामिका दीदी ने आईटीबीपी के जवानों के बीच आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मसशक्तीकरण का संदेश दिया।
बीके दीपक भाई ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के आत्मबल, चरित्र, अनुशासन और सकारात्मक सोच में निहित है। जब व्यक्ति स्वयं को मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, तो वह अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अधिक जिम्मेदारी से योगदान दे सकता है। सुरक्षा बलों के जवानों के लिए मानसिक स्थिरता और सकारात्मक दृष्टिकोण विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और विवेक के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना पड़ता है। वहीं, जेल में बंद लोगों के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन और आत्मचिंतन की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राजयोग ध्यान और सकारात्मक चिंतन के अभ्यास से व्यक्ति अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानकर जीवन में बेहतर बदलाव ला सकता है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को आत्मिक शांति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है।

