छपरा जंक्शन पर रुकेगी भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस, सप्ताह में तीन दिन होगा परिचालन
सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयास से मिली स्वीकृति, गुजरात और बिहार के बीच सीधा रेल संपर्क होगा मजबूत
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 09 नवंबर। सारण के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भुज और बरौनी के बीच चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव छपरा जंक्शन पर होगा। सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली इस ट्रेन के परिचालन को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद राजीव प्रताप रूडी को इसकी जानकारी दी है।नई ट्रेन का नंबर 19427/19428 निर्धारित किया गया है।
यह ट्रेन गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी तक करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों एवं रेलवे जंक्शनों को जोड़ेगी।सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस आधुनिक यात्री सुविधाओं और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके छपरा जंक्शन पर ठहराव से सारण के साथ-साथ सीवान और गोपालगंज जिले के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भुज-बरौनी के बीच यह रेल सेवा गुजरात और बिहार के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली इस ट्रेन से पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच रेल यात्रा का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र के यात्रियों की लंबी दूरी की यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक होगी।

