मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर मांझी में प्रशासनिक हलचल तेज, डीएम ने परखी तैयारियां
रामघाट के सौंदर्यीकरण से लेकर स्कूल की आधुनिक प्रयोगशालाओं तक का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
छपरा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित सारण दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मांझी प्रखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम सबसे पहले मांझी के रामघाट पहुंचे। यहां उन्होंने घाट परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, लाइटिंग, मंच निर्माण, हैंगर और बैरिकेडिंग के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने विद्यालय में मिशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया। स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, एस्ट्रोनॉमी लैब, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण के दौरान विद्यार्थी इन सुविधाओं का प्रायोगिक प्रदर्शन करें।
विद्यालय निरीक्षण के बाद डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने बच्चों के सीखने की क्षमता और खेल आधारित शिक्षण गतिविधियों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उनका जोर इस बात पर रहा कि बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियां और सीखने के परिणाम प्रभावी ढंग से प्रदर्शित हों।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों के प्रदर्शन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।

