आधुनिक मशीनों के दौर में बैलों से खेती कर रहे जगलाल मांझी,पांच बीघा खेत की खुद करते हैं जुताई
पानापुर के मोरिया गांव में आज भी कायम है पारंपरिक खेती का अंदाज, हल और बैलों के सहारे खेत जोतते किसान की तस्वीर बनी चर्चा का विषय
पानापुर (सारण)। खेती-किसानी में तेजी से आधुनिक कृषि यंत्रों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ट्रैक्टर और अन्य मशीनों ने किसानों का काम आसान कर दिया है। लेकिन इस बदलते दौर में भी कुछ किसान ऐसे हैं, जो पुरानी कृषि परंपरा को संजोए हुए हैं।
पानापुर प्रखंड के मोरिया गांव निवासी जगलाल मांझी उन्हीं किसानों में शामिल हैं। वह आज भी बैलों की जोड़ी और हल के सहारे अपनी पांच बीघा जमीन की खेती करते हैं।खेत में बैलों के साथ हल चलाते जगलाल मांझी को देखकर ग्रामीण परिवेश की पुरानी तस्वीर जीवंत हो उठती है।
जहां आसपास के अधिकांश किसान खेतों की जुताई के लिए ट्रैक्टर का सहारा लेते हैं, वहीं जगलाल मांझी पारंपरिक तरीके से खेत तैयार करते हैं।उनकी खेती का यह तरीका न केवल पुरानी कृषि संस्कृति की याद दिलाता है, बल्कि ग्रामीण जीवन में आज भी कायम परंपराओं को भी दर्शाता है।
आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बावजूद बैलों के सहारे पांच बीघा जमीन पर खेती करना उनकी मेहनत और पारंपरिक कृषि पद्धति से जुड़ाव को बयां करता है।

