Homeदेशबिहारशिक्षा

राजेंद्र किशोरी स्कूल में छठ और दीपावली की झांकी ने मोहा मन, ग्रीन दिवाली का दिया संदेशरंगोली

दीपक और कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, पटाखों से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

भगवानपुर हाट। राजेंद्र किशोरी रेसिडेंशियल स्कूल के परिसर में दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश-लक्ष्मी वंदना से हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर को दीपों, रंगोली और गेंदे के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम में प्राथमिक वर्ग के बच्चों ने लघु नाटक के माध्यम से ग्रीन दिवाली का संदेश दिया। बच्चों ने पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए मिट्टी के दीये जलाकर दीपावली मनाने की अपील की। विद्यालय की डायरेक्टर (एकेडमिक) अमरावती सिंह ने बच्चों को ‘Say No To Crackers’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पटाखों पर खर्च होने वाली राशि से जरूरतमंद बच्चों की मदद की जाए तो इससे समाज का भी भला होगा और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।

वहीं, उच्च वर्ग की छात्राओं ने छठ महापर्व की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर लोक आस्था और परंपरा की सुंदर झलक दिखाई। ‘केरवा के पात पर उगेला सूरज देव’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों की मधुर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अमरावती सिंह ने छठ पर्व को शांति, समता और स्वच्छता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह ऐसा लोकपर्व है, जिसे समाज और परिवार के सामूहिक सहयोग से मनाया जाता है। इसमें किसी पुरोहित की अनिवार्यता नहीं होती।

इस अवसर पर रंगोली, दीपक और कार्ड मेकिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में आर्यभट्ट हाउस ने प्रथम और रामानुजम हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता से सभी का मन मोह लिया।विद्यालय के संस्थापक अरुण कुमार सिंह ने बच्चों की प्रस्तुतियों और रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की।

उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को दीपावली एवं छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों के बीच दीपावली उपहार भी वितरित किए।