पटना नियोजन मेले में 704 युवाओं को मिला रोजगार, 27 कंपनियों ने लिया साक्षात्कार
एक हज़ार से अधिक रिक्तियों के साथ शामिल हुए नियोजक, 1010 अभ्यर्थियों ने जमा किए बायोडाटा; चयन दर रही 69.7 प्रतिशत
धर्मेंद्र रस्तोगी
पटना, 06 नवंबर।बिहार में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दीघा परिसर में एक दिवसीय नियोजन- सह- व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि जिला नियोजनालय- सह- मॉडल करियर सेंटर, पटना की ओर से आयोजित इस मेले में 27 निजी कंपनियों ने 1000 से अधिक रिक्तियों के साथ सहभागिता की। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल 1010 अभ्यर्थियों में से 704 का रोजगार के लिए चयन किया गया। इस तरह कुल अभ्यर्थियों में लगभग 69.7 प्रतिशत को सफलता मिली। युवाओं को करियर इन्फॉर्मेशन सेंटर, आईटी लैब, व्यावसायिक मार्गदर्शन, समुद्रपार नियोजन तथा टूल किट एवं स्टडी किट योजना की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मेले का उद्घाटन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशक रणजीत कुमार तथा संयुक्त निदेशक (नियोजन) प्रियंका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं नियोजन मेले में ऑटोमोबाइल, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी, सेल्स और मार्केटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां शामिल हुईं। इनमें अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, शंकर मोटर्स, गृह्म हेल्थकेयर, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन, क्वेस कॉर्प और एलएंडटी प्रमुख रहीं। इसके अलावा चार सरकारी स्टॉल के माध्यम से युवाओं को सरकारी योजनाओं, कौशल विकास और रोजगार संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में निदेशक रणजीत कुमार ने युवाओं को अपनी दक्षता बढ़ाने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। समापन पर पटना प्रमंडल की उप निदेशक अमृता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

