राज्यपाल के कार्यक्रम से जदयू के दो विधायक रहे नदारद, शिलापट्ट पर नाम के बावजूद नहीं पहुंचे एमएलसी
चुनाव के बाद भाजपा-जदयू के बीच कथित तल्खी की चर्चाओं के बीच मांझी और एकमा के विधायकों की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 6 नवंबर। सारण जिले के बनियापुर प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को नवनिर्मित खेल सम्मान भवन के उद्घाटन समारोह में जदयू के दो विधायकों की गैरमौजूदगी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी रही। महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की पहल पर सेल के सीएसआर फंड से निर्मित इस भवन का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया।समारोह में मांझी के जदयू विधायक रणधीर सिंह और एकमा के जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह शामिल नहीं हुए। खास बात यह रही कि उद्घाटन के लिए लगाए गए शिलापट्ट पर दोनों विधायकों के साथ निर्दलीय विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय का नाम भी अंकित था।

इसके बावजूद तीनों जनप्रतिनिधि समारोह में नहीं पहुंचे।गौरतलब है कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के बाद भाजपा और जदयू के बीच कथित राजनीतिक खींचतान और मनमुटाव की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में राज्यपाल के कार्यक्रम से जदयू के दोनों विधायकों की अनुपस्थिति को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। हालांकि, तीनों जनप्रतिनिधियों के समारोह में नहीं पहुंचने का कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।वहीं, कार्यक्रम में महाराजगंज के जदयू विधायक हेमनारायण साह, गोरेयाकोठी के भाजपा विधायक देवेशकांत सिंह, तरैया के भाजपा विधायक जनक सिंह और बनियापुर के भाजपा विधायक केदारनाथ सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जदयू की ओर से जिलाध्यक्ष बैजनाथ प्रसाद विकल और सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव ने भी समारोह में भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के मंच पर पहुंचने से पहले प्रोटोकॉल के तहत विधायकों और जिलाध्यक्षों को मंच पर स्थान देने को लेकर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी। हालांकि, समारोह संपन्न हो गया, लेकिन शिलापट्ट पर नाम होने के बावजूद तीन जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी और खासकर जदयू के दो विधायकों का नहीं पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।

