Homeखेलदेशबिहारराजनीति

बनियापुर में खेल सम्मान भवन का राज्यपाल ने किया लोकार्पण, खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर ट्रेनिंग और सुविधाएं

सेल ने सीएसआर के तहत कराया भवन का निर्माण, राज्यपाल बोले- खेल से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास

छपरा, 6 नवंबर। सारण जिले के बनियापुर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण किया। सेल (SAIL) की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत निर्मित इस भवन से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और खेल संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।लोकार्पण समारोह में राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद राज्यपाल और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया।

राज्यपाल ने रिमोट का बटन दबाकर खेल सम्मान भवन का विधिवत लोकार्पण किया।समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज के विकास, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। खेल के प्रति समर्पण व्यक्ति को लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खेल सम्मान भवन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देगा और सारण को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।

खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन का सपना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में बिहार और विशेषकर सारण के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि खेल सम्मान भवन के शुरू होने से खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। यहां राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी विकसित होंगी।

राज्य सरकार जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।बनियापुर विधायक केदारनाथ प्रसाद सिंह ने राज्यपाल के आगमन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बिहार के राज्यपाल का बनियापुर की धरती पर आगमन हुआ है।

महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने राज्यपाल के प्रति आभार जताते हुए सारण में खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की।राज्यपाल ने खेल सम्मान भवन के निर्माण में स्थानीय सांसद और विधायक की पहल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि यह भवन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने राज्यपाल, सांसद, विधायक, खेल मंत्री सहित सभी अतिथियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।खेल सम्मान भवन का लोकार्पण बनियापुर सहित पूरे सारण जिले के लिए खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।