Homeदेशबिहारविविध

मंडल रेल प्रबंधक ने छपरा कोचिंग डिपो, सिक लाइन और रनिंग रूम का किया निरीक्षण

अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता और संरक्षा मानकों की जांच, लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर की सुविधाओं पर दिया जोर

छपरा, 17 नवंबर। वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को छपरा कोचिंग डिपो, सिक लाइन, क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता, संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता, तकनीकी व्यवस्थाओं, स्वच्छता और रेलकर्मियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने सिक लाइन के विभिन्न स्टोर रूम, मशीन रूम, ऑयल रूम, महिला एवं कर्मचारी विश्राम कक्ष तथा ईओटी क्रेनों की कार्यशीलता की जांच की। परिसर में साफ-सफाई और सुव्यवस्थित रखरखाव पर संतोष जताते हुए उन्होंने स्टाफ कैंटीन के लिए अलग कक्ष तैयार कराने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने वाशिंग पिट संख्या B-01 पर खड़ी ट्रेन संख्या 15083 के रेक का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान पहियों के व्यास, व्हील डिस्टेंस और ट्रेड वियर की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच की गई। उन्होंने एसबीसी पैनल, पीएफएस वर्किंग मॉडल, ट्रबलशूटिंग और ब्रेक पावर टेस्टिंग की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। साथ ही कर्मचारियों को ओएचई की चार्जिंग एवं डिस्चार्जिंग से जुड़ी संरक्षा प्रक्रियाओं और सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया।

रनिंग कर्मचारियों की सुविधाओं की ली जानकारी

डीआरएम ने क्रू लॉबी और रनिंग रूम में क्रू मैनेजमेंट, विश्राम व्यवस्था और कर्मचारियों को उपलब्ध अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लोको पायलटों और ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) से बातचीत कर उनकी कार्य परिस्थितियों और खानपान की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, संरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने तथा रनिंग कर्मचारियों के स्वास्थ्य, पर्याप्त विश्राम और कल्याण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, कोचिंग डिपो अधिकारी छपरा अशोक कुमार, सहायक विद्युत इंजीनियर छपरा शिशिर श्रीवास्तव, सहायक मंडल इंजीनियर छपरा अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।