Homeदेशबिहारविश्वविद्यालयशिक्षा

छपरा मेडिकल कॉलेज में MBBS के पहले बैच की पढ़ाई शुरू, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पहनाया व्हाइट कोट

50 सीटों पर शुरू हुई चिकित्सा शिक्षा, विद्यार्थियों ने मानव सेवा और चिकित्सकीय नैतिकता का लिया संकल्प

स्वास्थ्य मंत्री बोले- बिहार के युवाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर

धर्मेंद्र रस्तोगी

छपरा, 19 नवंबर। सारण जिले के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित ओरिएंटेशन, ओथ एंड व्हाइट कोट सेरेमनी में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नव नामांकित छात्र-छात्राओं को व्हाइट कोट पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटों पर चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हुई।

समारोह में स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा, मानवता, करुणा और सेवाभाव का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट पहनना केवल एक पेशे की शुरुआत नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा और समाज की सेवा करने की बड़ी जिम्मेदारी स्वीकार करना है। एक अच्छे चिकित्सक के लिए चिकित्सा ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, अनुशासन और नैतिकता भी जरूरी है।

50 सीटों पर मिली नामांकन और संचालन की अनुमति

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करने और इसकी गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 50 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन एवं संचालन की अनुमति मिलने से सारण सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले। विद्यार्थी आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों का ज्ञान प्राप्त करें और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्थान के विद्यार्थी मेहनत, प्रतिभा और सेवाभाव से चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे।

व्हाइट कोट के साथ लिया मरीजों की सेवा का संकल्प

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा की चुनौतियों, चिकित्सकीय जिम्मेदारियों और मरीजों के प्रति उनके दायित्वों की जानकारी दी गई। व्हाइट कोट समारोह के दौरान चिकित्सा पेशे के नैतिक मूल्यों, मरीजों की गोपनीयता, अनुशासन, करुणा और सेवाभाव पर विशेष जोर दिया गया। नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने तथा चिकित्सा पेशे की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।

मेडिकल कॉलेज में शुरू हुआ नया शैक्षणिक अध्याय

महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित लेक्चर थिएटर-1 में आयोजित समारोह के साथ ही छपरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के प्रथम बैच की शैक्षणिक यात्रा शुरू हो गई। चिकित्सा शिक्षा शुरू होने से सारण क्षेत्र में उच्च चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में भी यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, बीएमएसआईसीएल के निदेशक सुब्रत कुमार सेन, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीपी जायसवाल, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।