Homeदेशबिहारशिक्षा

विश्वामित्र सेना ने ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो का किया आयोजन, राज कुमार चौबे बोले – सौ से अधिक कंपनियों की होगी भागीदारी

तीन दिवसीय एक्सपो में युवाओं के लिए 5 हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य, एआई और तकनीकी शिक्षा पर रहेगा जोर

धर्मेंद्र रस्तोगी

पटना, 19 नवंबर। बिहार के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आधुनिक तकनीकी शिक्षा और वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में राजधानी पटना में पहली बार ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो-2026 का शुभारंभ हुआ। विश्वामित्र सेना के सौजन्य से पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में 19 से 21 नवंबर तक तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिहार के युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कौशलयुक्त बनाना और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव, मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी, हिमालया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कुमार हरिहर राघवेंद्र, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं हिमालया विश्वविद्यालय के विजिटर शशांक शेखर सिन्हा, नालंदा फाउंडेशन के संस्थापक राहुल कुमार तथा बिजनेस क्रांति के संस्थापक सुमन कुमार की उपस्थिति भी प्रस्तावित रही।

एक्सपो में विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराया जा रहा है। बदलते तकनीकी परिदृश्य और वैश्विक रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राज कुमार चौबे ने बताया कि तीन दिवसीय एक्सपो में 100 से अधिक कंपनियों की भागीदारी होगी। इसके माध्यम से युवाओं के लिए पांच हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि एक्सपो में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं, करियर मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण तथा आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जुड़ी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव शिक्षा, उद्योग, व्यवसाय और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए नई तकनीकों का ज्ञान और व्यावहारिक कौशल हासिल करना जरूरी है। इस एक्सपो के माध्यम से युवाओं को तकनीकी बदलावों को समझने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अपनी दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा।

राज कुमार चौबे ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से यह एक्सपो आयोजित किया गया है, ताकि युवा, कंपनियां, शिक्षण संस्थान और कौशल विकास से जुड़े संगठन एक मंच पर आकर संवाद और सहयोग कर सकें। विश्वामित्र सेना ने विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों से एक्सपो में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।